अम्बेडकर नगर मे अवैध शराब का जखीरा मिला शराब बनाने वालों पर कोतवाली पुलिस की बड़ी और प्रभावी कार्रवाई

देवास(खुमानसिंह बैस) मंदसौर में जहरीली शराब पीने से छह लोगों की मौत के बाद से प्रदेश में पुलिस सक्रिय हुईऔर अवैध शराब बनाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई शुरू कर दी।
इसी के तहत देवास जिले में भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। मंगलवार शाम को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर अंबेडकर नगर में दबिश दी और लगभग 50 हजार रूपए का महुआ लहान जब्त कर मौके पर नष्ट किया गया ।कोतवाली प्रभारी उमरावसिंह सहित महिला पुलिस और बड़े अमले ने अवैध शराब बनाने वाले व्यक्तियों पर कार्रवाई करते हुए तीन व्यक्तियों पर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए ।
कोतवाली थाना प्रभारी उमरावसिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि होमगार्ड जिला कार्यालय के सामनेअंबेडकर नगर में महुआ लहान रखकर अवैध रूप से देशी शराब बनाने का कार्य चल रहा है । सूचना पर 25 पुलिसकर्मियों के बल के साथ क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की गई।
पुलिस ने क्षेत्र के विनोद,पप्पू और संतोष के घर दबिश देकर पचास हजार रूपए का महुआ लहान जब्त किया और मौके पर ही उसे नष्ट किया। साथ ही भट्टी के लिए कोयलों का उपयोग जो कि शराब बनाने के लिए करते थे उसे भी पुलिस ने बड़ी मात्रा में जब्तकर नष्ट किया। इसके साथ ही यहां से पुलिस ने देशी शराब भी जब्त की । थाना प्रभारी उमराव सिंह ने बताया कि इन आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जिला बदर जैसी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होनें बताया कि तीन लोगों पर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
उल्लेखनीय है की पहले भी देवास मे अवैध शराब के के कारण शिवचरण नामक युवक की मौत हुई थी और कोतवाली पुलिस के आरक्षक यादव को आंखों की रोशनी खोनी पड़ी थी । इस समय भी कंजर मोहल्ले मे जमकर अवैध शराब बिक रही है और पुलिस-आबकारी इसे अनदेखा करते हैं । अम्बेडकर नगर भी अवैध शराब,सट्टा,जुआ ॐर मादकपदार्थों की बिक्री का निरंकुश केन्द्र है । कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई को प्रशंसनीय बताया जा रहा है ।