
देवास कायाकल्प अभियान अंतर्गत जिला अस्पताल में किये गये कार्यो का निरीक्षण आज मंगलवार को संभागायुक्त श्री संदीप यादव ने किया। संभागायुक्त श्री यादव ने जिला अस्पताल के वार्डो, दवा वितरण केन्द्र, टीकाकरण कक्ष, रजिस्ट्रेशन कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला, एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश सिंह चौहान, एडीएम श्री महेंद्र सिंह कवचे, एएसपी श्री मनजीत सिंह चावला, नगर निगम आयुक्त श्री विशाल सिंह चौहान, एसडीएम श्री प्रदीप सोनी, प्रभारी सीएमएचओ डॉ. के.के. कल्याणे, सिविल सर्जन विजय कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
देवास जिला चिकित्सालय का कायाकल्प किया गया है। जिला चिकित्सालय में कायाकल्प अभियान के अंतर्गत स्त्री रोग विभाग में प्राथमिकता के तौर पर कायाकल्प किया गया है। जिसमें ओपीडी पूरी तरह से वातानुकूलित किया गया है। गर्भवती माताओं के बैठने के लिए व्यवस्थित व्यवस्था की गई है। डॉक्टर केबिन में बैठक व्यवस्था को पूरी तरह नया स्वरूप दिया गया है। अस्पताल में गर्भवती माताओं की समस्त आवश्यक जांच, टीकाकरण, अन्य उपचार व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है। अस्पताल में आने वाली गर्भवती माताओं को अच्छे वातावरण में उपचार दिया जाएगा। मरीजों को सलाह देने के लिए हेल्प-डेस्क बनाया जा रहा है। जहां पर अस्पताल में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी जायेगी।

