यात्रा में देशभक्ति गानों पर झूमे नागरिक और कार्यकर्ता, युवाओं की टोलियों ने लगाए भारत माता जय के नारे
देवास। भाजपा द्वारा प्रदेश भर में निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा गुरुवार को देवास पहुंची। यात्रा का आगमन क्षिप्रा से हुआ, जहां से स्वागत की बेला शुरु हुई। जगह-जगह मंच बनाकर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जन आशीर्वाद यात्रा का स्वागत किया। माँ क्षिप्रा मैया की आरती के पश्चात हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्र से यात्रा का आगमन हुआ। जैसे ही यात्रा का प्रवेश हुआ, स्वागत मार्ग फूलों से पट गया। यात्रा में प्रमुख रूप से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय व गुजरात के गृहमंत्री हर्ष संघवी शामिल हुए। केसरिया झंडों से पटे यात्रा मार्ग में नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उत्साह और उर्जा के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए चल रहे थे। यात्रा में मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी, संभाग प्रभारी जीतू जिराती, जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, देवास विधायक गायत्री राजे पवार, विधायक मनोज चौधरी, प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव, विक्रम सिंह पवार, महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, जिला संयोजक बहादुर मुकाती, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति लीला भेरूसिंह अटारिया, नरेंद्र सिंह राजपूत, रायसिंह सेंधव, नंदकिशोर पाटीदार, नरेंद्र सिंह की राजपूत एवं पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ता शामिल हुऐ। सभी हाथ जोडते हुए जनता का अभिवादन कर रहे थे। वहीं जनता स्वागत मंचों से लगातार पुष्पवर्षा कर नेताओं का अभिनंदन कर रही थी। विभिन्न समाजों और वर्गों के लोग भी स्वागत मंच से यात्रा की अगवानी कर रहे थे। खंडवा से प्रारंभ हुई जन आशीर्वाद यात्रा ने राऊ और फिर इंदौर होते हुए देवास पहुंची।
जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत
शहर में रोड शो के दौरान यात्रा ए.बी. रोड से होते हुए एम.जी. रोड पर पहुंची। पूरे यात्रा मार्ग को झंडे पोस्टर पाट दिया गया था। हर जगह भाजपा और केसरिया झंडे ही दिखाई दे रहे थे। कई स्थानों पर नागरिकों ने फूलों की बारिश की, जिस कारण पूरी सड़क पर फूलों की चादर बिछ गई थी। यहां से यात्रा सभा स्थल पर पहुंची, जहां देर रात भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारीगण संबोधित करेंगे। तपती धूप में भी इन कार्यकर्ताओं का उत्साह में कोई कमी नहीं आई। कई मंचों से भाजपा कार्यकर्ताओं सहित महिला-पुरुषों ने यात्रा का स्वागत किया।
उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौधरी एवं सह मिडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने संयुक्त रूप से दी।

