देवास। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पं. जयप्रकाश शास्त्री के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए कांग्रेस नेता संजय कहार ने बताया कि पं जयप्रकाश शास्त्री का जन्म 2 मार्च 1956 में देवास में हुआ था, वे स्थानीय डायमण्ड पेनल के संस्थापक अध्यक्ष थे। दबंग और कद्दावर छात्र नेता के रूप में के.पी. कालेज छात्र संघ के 1978 में अध्यक्ष निर्वाचित हुए, उसके बाद युवा तरुणाई का नेतृत्व करते हुवे उनके मार्गदर्शन मे के.पी. कालेज छात्र संघ चुनाव में डायमण्ड पेनल ने लगातार विजय होकर छात्र संघ पर कब्जा जमाये रखा। विक्रम विश्व विद्यालय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, छात्र जीवन के शुरुवाती समय से पंडित शास्त्री को व्यायाम का शौक रहा और एक पहलवान के रूप में उन्होंने सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में ख्याति अर्जित की, छात्र जीवन में ही सांस्कृतिक विचारो से ओतप्रोत होकर उनके नेतृत्व में प्रतिवर्ष गणेश उत्सव पर अ.भा. कवि सम्मेलनो का आयोजन किया गया। देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के रायबरेली एवं ललीतपुर में युवा समन्वयक के रूप में कार्य किया, स्व. राजीव गांधी के लोकसभा क्षेत्र रायबरेली उत्तरप्रदेश मे चुनाव का संचालन किया। साथ ही वे शहर कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश प्रतिनिधि कांग्रेस कमेटी भोपाल, देवास विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याक्षी रहे, महामंत्री मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी भोपाल, वर्तमान में जिला प्रभारी शाजापुर विधानसभा थे ।

