देवास। हिंदुस्तान बियर्ड क्लब द्वारा मुंबई (महाराष्ट्र) के कोरम मॉल में फैशन शो कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस विशेष आयोजन में मध्यप्रदेश के देवास जिले के दो युवाओं ने अपनी शानदार प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया और वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया।
देवास निवासी कपिल सोनी (आनंद नगर, उज्जैन रोड) एवं चीकू बॉम्बे (वार्ड क्रमांक 16, संजय नगर) ने मंच पर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और विशिष्ट प्रस्तुति से दर्शकों और आयोजकों को प्रभावित किया। दोनों प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल की, बल्कि देवास जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम में हिंदुस्तान बियर्ड क्लब के फाउंडर मिस्टर शिवाय सिंह परमार तथा हिंदुस्तान बियर्ड क्लब के चेयरमैन मिस्टर चार्ल्स विलियम द्वारा दोनों प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार अपने प्रदेश और शहर का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस उपलब्धि से देवास शहर में हर्ष का वातावरण है। दोनों युवाओं की इस सफलता को जिले के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। उन्होंने अपने प्रदेश मध्यप्रदेश तथा देवास शहर की पहचान को राष्ट्रीय मंच पर नई ऊंचाई प्रदान की है।

