मैनाश्री गीताश्री ग्रीन सिटी कॉलोनी का रास्ता बंद करने के प्रयास का आरोप, रहवासियों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

देवास। मैनाश्री गीताश्री ग्रीन सिटी कॉलोनी के रहवासियों एवं कॉलोनाइजरों ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर पड़ोसी कॉलोनाइजर मेसर्स मंगल लैंड एंड फाइनेंस कंपनी पर कॉलोनी के मुख्य पहुंच मार्ग को अवैधानिक रूप से बंद करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर रहवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर आवागमन सुचारू बनाए रखने तथा जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में बताया गया कि ग्राम मेढ़कीचक स्थित श्यामाप्रसाद मुखर्जी नगर (एम.आर.-8) से लगी मैनाश्री गीताश्री ग्रीन सिटी कॉलोनी वर्ष 2017 में पूर्ण रूप से विकसित होकर नगर निगम देवास से कार्यपूर्णता प्रमाण-पत्र एवं भवन निर्माण अनुमति प्राप्त कर निगम को हैंडओवर की जा चुकी है। कॉलोनी में वर्तमान में लगभग 300 परिवार निवास कर रहे हैं। रहवासियों के अनुसार कॉलोनी तक पहुंचने का एकमात्र मार्ग मेसर्स मंगल लैंड एंड फाइनेंस कंपनी की विकसित कॉलोनी से होकर जाता है, जिसका उपयोग क्षेत्र के लोग पिछले करीब 20 वर्षों से करते आ रहे हैं। इसी मार्ग के आधार पर नगर तथा ग्राम निवेश विभाग द्वारा कॉलोनी का अभिन्यास भी स्वीकृत किया गया था। रहवासियों ने आरोप लगाया कि हाल ही में एक जेसीबी मशीन के माध्यम से उक्त पहुंच मार्ग को खोदकर बंद करने का प्रयास किया गया। पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि यह कार्य पड़ोसी कॉलोनाइजर के निर्देश पर किया जा रहा है। इसके बाद कंपनी के संचालक कल्याण सिंह संधव भी मौके पर पहुंचे थे। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2019 में भी इसी प्रकार रास्ता बंद करने का प्रयास किया गया था, जिसकी शिकायत नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन को की गई थी। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से पुनः विवाद की स्थिति निर्मित हो गई है। रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि 10 जून 2026 को ट्रैक्टर से जुताई के दौरान कॉलोनी की पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर दी गई, जिससे लोगों को पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि अवरुद्ध किए गए मार्ग को तत्काल पुनः बहाल कराया जाए, आवागमन सुचारू किया जाए तथा मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद या अप्रिय घटना न हो सके। इस दौरान शिवभान सिंह कुशवाह, राजेश शेळके, विनोद तिवारी, डॉ. ओपी देशमुख, महेश शर्मा, धनसिंह वर्मा आदि रेवासी उपस्थित थे।