देवास, 30 जनवरी 2021/ पल्स पोलियो अभियान तहत देवास जिले के समस्त 1 हजार 890 बूथों पर रविवार 31 जनवरी 2021 को प्रातः 8 बजे से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जायेगी। इसके अतिरिक्त ट्रांजिट व मोबाईल टीम द्वारा बस स्टेण्ड, रेल्वे स्टेशन, टेम्पो स्टेण्ड पर, खेत खलिहान निर्माणाधीन स्थलों, ईंट भट्टे, धूमक्कड प्रजाती एवं फेक्ट्रियों के अन्दर भी जाकर उस कैम्पस में निवास कर रहे परिवार के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जायेगी। अभियान का शुभारम्भ जिला मुख्यालय पर प्रातः 10 बजे जिला चिकित्सालय परिसर ट्रामा सेन्टर में विधायक देवास श्रीमती गायत्री राजे पवार तथा विकासखण्डों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधी व प्रशासनीक अधिकारियों द्वारा किया जायेगा । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम. पी. शर्मा ने बताया कि जिले में पल्स पोलियो अभियान कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला के मार्गदर्शन में जन आंदोलन के रूप में चलाया जाकर, अभियान के प्रथम दिवस 31 जनवरी 2021 को सभी बूथों पर दवा पिलाने का कार्य किया जायेगा एवं किसी कारणवश दवा पीने से वंचित पांच वर्ष तक के बच्चों को दूसरे एवं तीसरे दिन 1 व 2 फरवरी 2021 को पोलियो दल घर-घर जाकर दवा पिलाने का कार्य करेगा।कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. के. के. कल्याणे ने बताया कि देवास जिले में जन्म से पांच वर्ष तक के 1 लाख 97 हजार 190 बच्चों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस हेतु समस्त तैयारियां पूर्ण कर आवश्यक निर्देश शहरी नोडल अधिकारी, समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी, पल्स पोलियो दल, सुपरवाईजर, जिला मॉनिटरिंग दल एवं फोकल प्वाईंट प्रभारी को दिये जा चुके है। जिला एवं ब्लॉक मुख्यालय पर पल्स पोलियो कन्ट्रोल रूम बनाया गया है। कार्यक्रम की मॉनिटरिंग ब्लॉक, जिला, संभाग व प्रदेश के मॉनिटरिंग दल, डब्लू.एच.ओ., यूनिसेफ व अर्न्तविभागीय अधिकारियों द्वारा किया जायेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समस्त जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, समाज सेवी संस्थाओं व धर्मगुरूओं तथा आम नागरिकों से अपील की गई है।

