.




देवास। हमारा कार्यालय भारतीय जनता पार्टी के कार्य का केन्द्र है और देवास इस विचार का बड़ा केन्द्र है। पं. दीनदयाल उपाध्यायजी की मूर्ति के अनावरण का अवसर है इस अवसर पर मै सभी कार्यकर्ताओं को कहना चाहता हूॅ कि हमे सभी गर्व है कि पं. दीनदयाल उपाध्यायजी ने पहले जनसंघ एवं भारतीय जनता पार्टी को पूरे देश में सम्पर्क कर आज एक बड़े संगठन के रूप में स्थापित किया था और एकात्म मानववाद का विचार दिया और उस विचार के आधार पर डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्यायजी ने जनसंघ को खड़ा किया और स्व. अटलबिहारी वाजपेयी और स्व. कुशाभाउ ठाकरे जी ने संगठन को मजबूत किया और वर्तमान गृहमंत्री श्री अमित शाह ने भाजपा को दुनिया का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बना दिया। यह बात भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने भाजपा कार्यालय पर पं. दीनदयाल उपाध्यायजी की मूर्ति के अनावरण के पश्चात् सभा को सम्बोधित करते हुए कही।
भाजपा जिला प्रवक्त शंभु अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष श्री विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि देवास संगठन की दृष्टि से मेरे लिए नया नही है पूर्व में विद्यार्थी परिषद में कार्य करने के दौरान मेरा अक्सर देवास आना-जाना लगा रहता है। देवास के कार्यकर्ता संगठननिष्ठ एवं संघर्षशील कार्यकर्ता हैं। संगठन में कार्य कैसे किया जाता है यह देवास के कार्यकर्ता से सीखा जा सकता है कि कैसे एक संगठन को मजबूत बनाया जा सकता है।
श्री शर्मा ने आगे कहा कि हमारा दल पं. दीनदयाल उपाध्यायजी के विचार पर आधारित दल है पं. उपाध्यायजी ने विचार दिया कि सर्वस्पृर्सी एवं सर्वव्यापी एवं समाज के हर वर्ग तक भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता पहुंचे। इसलिए हम राजनीति करने के लिए राजनीति नही करते है हम गांव, गरीब, पीड़ित, शौषित समाज के उत्थान एवं राष्ट्र निर्माण के लिए राजनीति करते है। पं. दीनदयाल उपाध्यायजी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए प्रदेशाध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं को एकबार पंडितजी के जन्म स्थली मथुरा के पास नंगलाचंद्रभान जाना चाहिए। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी पंडितजी की जन्म स्थली नंगलाचंद्रभान गये वहां जाकर एक चित्र को देखकर उनकी ऑखों में आंसु आ जाते है। मीडिया के पुछने पर वे बताते है कि एक गरीब झोप़डी में रहने वाले व्यक्ति के विचार कितने मजबूत हो सकते है उनको देखकर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने संकल्प लिया कि देश में किसी भी गरीब को झोपड़ी नही रहने देंगे। उसी को लेकर भाजपा की सरकार बनने पर श्री मोदी जी ने सबसे पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से झोपड़ी में रहने वाले हर व्यक्ति पक्के मकान में रहने का अधिकार दिया। आज हमे गर्व है कि 3 करोड़ से अधिक कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के मकान में रहने का अधिकार दिया।
साथ ही प्रदेशाध्यक्ष श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता एक महत्वूपर्ण कार्यकर्ता है। आज हम केन्द्र से लेकर राज्य में सरकार में है और विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल के रूप में है तो उसका सही मायने में हकदार बुथ पर बैठने वाला हमारा कार्यकर्ता ही है। हमारी पार्टी का सामान्य सदस्य भी संगठन के लिए महत्वपूर्ण है, आज आप सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बहुत बड़ी है आज राष्ट्र विरोधी ताकते देश के माहौल को खराब करना चाहती है हमें ऐसे अराजक तत्वों का डटकर मुकाबला करना है और राष्ट्र को पूरे विश्व में सिरमोर बनाना है। आज देश में सत्ता पाने के लिए जनता को गुमराह कर फुट डालो राज करो की नीति अपना रहे है उनके फैलाये इस भ्रम का हमें डटकर मुकाबला करना है। हर समस्या के लिए लोकतंत्र में आंदोलन का स्थान है परन्तु देश की कींमत पर कोई भी आंदोलन हमें स्वीकार नही है, हम तिरंगे का अपमान कभी सहन नही कर सकते है लेकिन कांग्रेस और तथाकथित वामपंथी दल जो नक्सलवाद का समर्थन करते है इन राजनीति दलों का यह कृत्य देशहित में नही है।
श्री शर्मा ने आगे कहा कि हमारे कार्यकर्ता सेवक है करोनोकाल में आये संकट में प्रधानमंत्रीजी के आव्हान पर हमारे कार्यकर्ता ने किसी भी मजदूर, गरीब को भूखा नही सोने दिया। हम केवल राजनीति करने के लिए नही है देश कैसे बचेगा, देश कैसे बढ़ेगा इसकी जिम्मेदारी हमारे कार्यकर्ताओं पर है जिसको हमें पूर्ण निष्ठा के साथ हर संकट में निभाना है। आज पूरे विश्व में प्रधानमंत्री जी की प्रशंसा हो रही है पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है। कोरोना के संकटकाल में भारत ही एक संकट मोचक देश बनकर उभरा है, आज विश्व के कई देशों को हम कोरोना की वैक्सीन दे रहे है।
पं. दीनदयाल उपाध्यायजी के मूर्ति अनावरण के अवसर मैं कहना चाहता हूॅ कि हम टीम भावना से कार्य करते है, हमे मिल जुलकर आगामी निकाय चुनावों में विजयश्री प्राप्त करनी है एवं हमें कांग्रेस को बताना है कि आपने जो देश व गरीबों, किसानों के साथ घात किया है उसका जवाब हम नगर निकाय चुनावों में हम दे देंगे। आगामी निकाय चुनावों के लिए आगाह करते हुए प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ प्रत्याशी कोई भी हो उसके लिए काम करेंगे और प्रदेश में नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनावों में भाजपा परचम लहरायेंगे। हम कार्यकर्ताओं के दम पर ही चुनाव भी जीतेगे और देश व समाज के हर वर्ग के लिए काम भी करेंगे।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाते हुए कहा कि आज हम पं. दीनदयाल उपाध्यायजी के मूर्ति अनावरण के अवसर यह संकल्प ले कि भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति से कार्य करते हुए हर समाज वर्ग में संगठन मजबूत बनाने का कार्य करेंगे। इस अवसर पर सभा को सांसद महेन्द्रसिहं सोलंकी, विधायक श्रीमंत गायत्रीराजे पवार ने भी सम्बोधित किया एवं स्वागत भाषण भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने दिया। सभा का संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप जाधव ने किया एवं आभार भाजपा जिला महामंत्री फूलसिंह चावडा ने माना।
प्रदेशाध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
.भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष श्री वी.डी. शर्मा के देवास आगमन पर उनका दौलतपुर फाटे से लेकर देवास शहर में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। प्रदेशाध्यक्ष का भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल के नेतृत्व में आतिशबाजी, पुष्पहार पहनाकर कर भव्य स्वागत किया गया। देवास नगर आगमन पर प्रदेशाध्यक्ष ने मीना बाजार स्थित गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये एवं रामाश्रय होटल में किसान सम्मान निधि वितरण के कार्यक्रम में शामिल हुए व शंकरनगर में भाजपा के बुथ अध्यक्ष ऋषि सोलंकी के घर भोजन किया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यालय पर प्रदेशाध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश सह-संगठन महामंत्री श्री हितानंदजी शर्मा ने भाजपा मंडलाध्यक्षों एवं पदाधिकारियों , जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक ली। साथ ही भाजपा के पूर्व मंडलाध्यक्ष श्री अशोक वर्मा काका के दुखद निधन पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी एवं पूर्व सांसद स्व. श्री मनोहर उॅटवाल की पुण्यतिथि पर उनको श्रद्धासुमन अर्पित किये।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन सह-संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, विधायक आशीष शर्मा, पहाड़सिंह कन्नौजे, मनोज चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह राजपूत, पूर्व मंत्री दीपक जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष नंदकिशोर पाटीदार, बहादुर मुकाती, गोपीकृष्ण व्यास, महेश दुबे, पूर्व पापुनि रायसिंह सेंधव, पूर्व महापौर सुभाष शर्मा, जिला महामंत्री नरेन्द्र चौधरी, शरद पाचुनकर, राजेश यादव सहित वरिष्ठ नेता मांचशीन थे साथ ही भाजपा मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

