डॉ एस. के. सरल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी देवास का पदभार ग्रहण किया

देवास, 06 फरवरी 2021/ डॉक्टर एस. के. सरल ने मध्य प्रदेश शासन लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के आदेशानुसार आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का पदभार ग्रहण किया। डॉ. एस. के. सरल पूर्व में भी देवास जिले के मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर रह चुके हैं। इसके बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के रुप में उनका धार स्थानांतरण होने के पश्चात पुन: देवास में  मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के पदभार ग्रहण करने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात डॉ एस. के. सरल ने प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती शीतला पटले से मिलकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी देवास के पद पर उपस्थिति की जानकारी देते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया।
डॉक्टर एस के सरल ने पदभार ग्रहण करने के तत्काल पश्चात जिला चिकित्सालय देवास का निरीक्षण किया एवं कायाकल्प तथा अन्य चिकित्सा सेवा संबंधित जानकारी सिविल सर्जन डॉ अतुल बिड़व‌‌‌ई एवं आर. एम. ओ. डा. एम. एस. गौसर से प्राप्त करते हुए कायाकल्प कार्य निर्धारित मानक अनुसार करने के लिए निर्देशित किया।
डॉ सरल ने सिविल सर्जन एवं आर. एम. ओ. को निर्देशित किया कि कायाकल्प अभियान के अंतर्गत विशेष प्रयास कर कमियों को दूर करते हुए जिला चिकित्सालय को प्रदेश में प्रथम लाया जाए, जिससे कि कायाकल्प के अंतर्गत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि से जिला चिकित्सालय को और अधिक आधुनिक संसाधनों से परिपूर्ण किया जाकर उन्नयन किया जा सके। सिविल सर्जन व समस्त चिकित्सक स्टाफ को यह भी निर्देशित किया कि सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को सहज सुलभ व समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं जिला चिकित्सालय में गुणवत्तापूर्ण मिल सके।