रेत यूनियन व्यापारी समस्या को लेकर पहुंचे विधायक के पास, 8 दिनों से चली आ रही हड़ताल समाप्त


देवास। रेत यूनियन व्यापारी अपनी मांगों को लेकर पिछले 8 दिनों से हड़ताल पर हैं। व्यापारी अपनी समस्याओं को लेकर बुधवार को कलेक्टर से मिले थे। लेकिन हड़ताल समाप्त नही हुई। रेत मंडी व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष विजय गहलोत ने बताया कि गुरुवार को समस्त व्यापारियों का प्रतिनिधिमण्डल पैलेस पहुंचा और विधायक गायत्री राजे पवार से चर्चा कर अपनी समस्याएं बताई। जिस पर विधायक ने उनकी समस्याओं को हल करने का आश्वासन दिया और उनकी हड़ताल खत्म करने के लिए कहा। विधायक ने कहा कि आप सब हमारे परिवार का हिस्सा है। आपकी समस्या मेरी समस्या है। आप अपनी हड़ताल खत्म किजिए। मैं आपकी समस्त समस्या का निराकरण करवा दूंगी। विधायक के आश्वासन पश्चात हड़ताल समाप्त हुई। आज से समस्त व्यापारी अपना मोर्चा संभालेंगे। श्री गेहलोत ने बताया कि हमारी प्रमुख मांगे है कि सभी रेती परिवहन के वाहन अंडर लोड़ चलाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा खनिज विभाग, रेत खदान ठेकेदार आदि को निर्देश दिए जाये। अवैध (बिना रॉयल्टी) चलने वाले वाहन को रोक कर कड़ी कार्यवाही की जाये। भौरासा टोल पर व चापड़ा में लगे खनिज जांच नाको का स्थान परिवर्तन कर रेत खदान ठेकेदार व खनिज विभाग को सभी रेत परिवहन के वाहनों को अंडर लोड करने हेतु निर्देश दिया जाये। विधायक ने समय रहते समस्त मांगे पूर्ण करने का आश्वासन दिया। जिस पर यूनियन ने विधायक राजे का आभार माना। इस अवसर पर एसोसिएशन सचिव तूफान सिंह दरबार, संजीव खंडेलवाल, सिकंदर भाई, भारत सिंह, रितेश राठौर, तौफीक पटेल, शाहबाज भाई, गब्बू भाई राष्ट्रीय, मुकेश राय, अरुण पांडेय, वाशिद भाई, हुकुम सिंह दरबार, अरबाज भाई, सद्दाम भाई आदि उपस्थित रहे।