वरिष्ठ नागरिक संस्था का स्थापना दिवस, वार्षिक साधारण सभा एवं सम्मान समारोह सम्पन्न


देवास। वरिष्ठ नागरिक संस्था द्वारा संस्था का 26वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। साथ ही वार्षिक साधारण सभा का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. डीपी श्रीवास्तव ने की। उन्होंने संस्था हित में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक गायत्रीराजे पवार द्वारा अधिकृत प्रतिनिधि सुभाष शर्मा, विशेष अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खण्डेलवाल थे। समारोह में लगभग 135 सदस्यों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं संस्था पदाधिकारियों ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। संस्था अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया। संस्था अध्यक्ष ओपी पाराशर ने अपने उद्बोधन में संस्था की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि संस्था अनुभवी व्यक्तियों जैसे डॉक्टर, इंजीनियर, बैंकर्स, शिक्षाविद, सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी, व्यवसायी एवं किसान आदि का संगठन है। जिसकी स्थापना अप्रैल 1997 में डॉ. एमव्ही भाले एवं कुछ साथियों ने की। वर्तमान में संस्था सदस्यों की संख्या लगभग 800 है। कोरोना महामारी के चलते विगत 2 वर्षो से संस्था द्वारा किसी भी समारोह का आयोजन नही किया गया। इस महामारी की विषम परिस्थितियों में संस्था संक्रमित परिवारों एवं परिजनों के साथ खड़ी रही। जरूरतमंदों को ऑक्सीजन सिलेंडर, व्हीलचेयर एवं मेडीकल बेड आदि प्रदान करती रही। टीकाकरण हेतु संस्था कार्यालय में स्थान उपलब्ध कराया गया। अध्यक्ष श्री पाराशर ने संदेश देते हुए कहा कि जल ही जीवन है। अत: जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सतत प्रयास जारी रहे। साधारण सभा में श्रवण कुमार कानूनगो ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। साथ ही वर्ष 2021-22 का लेखा विवरण, वर्ष 2022-23 का बजट प्रस्तुत किया। जिसे सर्व सहमति से पारित किया गया। भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। जिसमें विशेष रूप से अस्पताल परिसर में कायाकल्प के कारण बंद किए गए आहार केन्द्र को शीघ्र प्रारंभ करने हेतु शासन एवं प्रशासन से निवेदन किया गया। संस्था संवरक्षक डॉ. एम व्ही भाले ने अपने कार्यकाल में किए गए कार्यो का उल्लेख करते हुए संस्था विकास हेतु सभी का सहयोग करने की अपील की। मुख्य अतिथि श्री शर्मा ने विधायक राजे की ओर से संस्था को आश्वस्त किया कि वे सदा की तरह भविष्य में भी संस्था को विकसित करने में पूर्ण रूप से सहयोग देते रहेंगे। अस्पताल परिसर में आहार केन्द्र का स्थान शीघ्र ही उपलब्ध कराया जाएगा। विशेष अतिथि श्री खण्डेलवाल ने विश्वास दिलाया कि संस्था कार्यो में जिला प्रशासन, निगम प्रशासन एवं अस्पताल प्रशासन से आवश्यक सहयोग दिलायेंगे। शीघ्र ही अस्पताल में आहार केन्द्र के लिए आवश्यक प्रयास करेंगे। हर्षोल्लास के साथ मनाए गए इस कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले 47 सदस्यों को श्रीफल, अंग वस्त्र, मोतियों की माला एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. प्रमोद कुमार जैन, गंगासिंह सोलंकी, बीडी चावड़ा, विपिन कुमार कुमावत, शीलनाथ आरस, रायसिंह ठाकुर, वीणा भार्गव, मीना जाधव एवं हैल्पेज इंडिया के जोसलीन आदि का विशेष सहयोग रहा। संस्था सदस्य नरेन्द्र नवगोत्री एवं केसी नागर ने कविता पाठ कर सदस्यों का मनोरंजन किया। कार्यक्र्रम का सफल संचालन डॉ. प्रमोद जैन ने किया एवं आभार उपाध्यक्ष हिमांशु कुमारी ढाली ने किया। सभा में कई प्रस्ताव पास किए गए, जिनमें प्रमुख प्रस्ताव रेल्वे किराए में वरिष्ठ नागरिको को दी जाने वाली छूट बहाल की जावे। आयुष्मान योजना में गरीबी रेखा से नीचे के हितग्राहियों के अलावा अन्य वरिष्ठों को सम्मिलित किया जाए। अन्य शहरों की तर्ज अनुसार देवास नगर पालिक निगम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को संपत्ति कर में छूट दी जाए। कार्यक्रम का समापन सहभोज के साथ हुआ।