देवास जिले के सभी औद्योगिक व्यावसायिक एवं निजी संस्थान कर्मचारियों को मतदान के दिन 13 जुलाई को मतदान के लिए सवैतनिक अवकाश दें – कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला

(नगरीय निकाय निर्वाचन-2022)

दूसरे चरण में नगर पालिक निगम देवास, नगर परिषद सोनकच्‍छ, पीपलरांवा, भौंरासा तथा टोंकखुर्द में 13 जुलाई को सुबह 07 बजे से शाम 05 बजे तक होगा मतदान

देवास 12 जुलाई 2022/ कलेक्‍टर श्री चन्‍द्रमौली शुक्‍ला ने नगर पालिक निगम देवास, नगर परिषद सोनकच्‍छ, पीपलरांवा, भौंरासा तथा टोंकखुर्द के मतदाताओं को मतदान की सुविधा प्रदान किये जाने के लिये सभी औद्योगिक व्यावसायिक एवं निजी संस्थानों को आदेशित किया है कि वे उनके संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों को मतदान के दिन मतदान की सुविधा प्रदान किये जाने के लिये 13 जुलाई को एक दिवस का सवैतनिक अवकाश दें। यह आदेश देवास जिले के सभी नगरीय क्षेत्र के मतदाताओं के लिये प्रभावशील होगा। इसी प्रकार निजी स्कूल व कॉलेज भी 18 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता छात्रों को अवकाश प्रदान करेंगे। दूसरे चरण में नगर पालिक निगम देवास, नगर परिषद सोनकच्‍छ, पीपलरांवा, भौंरासा तथा टोंकखुर्द में 13 जुलाई को सुबह 07 बजे से शाम 05 बजे तक होगा।
मतदाता को मत देने का संवैधानिक अधिकार भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त है। मतदाताओं को मतदान की सुविधा देने के लिए राज्य शासन द्वारा उक्त तिथियों को शासकीय अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने जिले के समस्त अनुविभागीय दण्डाधिकारियों को निर्देश दिये है कि वे अपने नगरीय क्षेत्र अन्तर्गत उक्त आदेश की पालना सुनिश्चित करायें। आदेश के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के विरूद्ध तत्काल कार्यवाही करें।