हड़ताली रेत व्यापारियों के समर्थन में आयी कांग्रेस मुद्दे को विधानसभा में उठाएंगे सज्जन वर्मा

देवास। पिछले कई दिनों से देवास में चल रही है रेत खनिज विक्रेताओं की हड़ताल का कल छटा दिन था। जहां रेत व्यापारियों की हड़ताल के समर्थन में धीरे-धीरे प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, सीहोर, हरदा जैसे जिलों में भी हड़ताल बढ़ती जा रही है वैसे वैसे देवास की रेत व्यापारी एसोसिएशन को बल मिलता जा रहा है। रेती मंडी स्थित धरना स्थल पर शनिवार को देवास रेती मंडी एसोसिएशन की हड़ताल में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी सहित अन्य कांग्रेस के नेता पहुंचे। एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय गेहलोत ने बताया कि सज्जन सिंह वर्मा जी ने हम रेत व्यापारियों से चर्चा कर समस्या जानी। व्यापारियों से चर्चा करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए श्री वर्मा ने कहा कि इन व्यापारियों ने निर्माण के कार्य को जीवित रखे रखा है। रेत की रायल्टी के बढ़े हुए दाम से व्यापारी हैरान परेशान हैं। एनजीटी का आदेश सीमित समय के लिए होता है, लेकिन सालभर रायल्टी और ऊपर का पैसा इन लोगों को देना पड़ रहा है। श्री वर्मा ने कहा कि आम लोगों को रेत के अधिक भाव होने के कारण जेब पर अनावश्यक बोझ पड़ रहा है साफ शब्दों में कहें तो आम लोगों के जेब पर इस तरह से डाका डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनजीटी के सामने और विधानसभा में भी मुद्दा जबरदस्त तरीके से उठाएंगे। आने वाले दिनों में इन व्यापारियों को भोपाल भी बुला रहे हैं।