देवास। देवास नगर निगम में शनिवार को सत्ता दल के पार्षदों ने नगर निगम के मुख्य द्वार पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। पार्षदों ने निगम में कार्यरत कर्मचारी रवि गोयनार पर स्टेशन रोड स्थित गजरा चौराहे पर छोटे दुकानदारों से अस्थायी अतिक्रमण के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया।
धरने के दौरान पार्षद शीतल गहलोत ने बताया कि सुबह कई दुकानदारों से 500 से 1000 रुपये तक वसूले गए, लेकिन किसी को भी रसीद नहीं दी गई। उनका कहना है कि परिषद में बहुमत के आधार पर पहले भी संबंधित कर्मचारी को हटाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन निगम आयुक्त द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
प्रदर्शन में स्टेशन रोड और गजरा क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारी व स्थानीय निवासी भी शामिल हुए। पार्षदों ने मांग की कि संबंधित कर्मचारी को तत्काल हटाया जाए और छोटे व्यापारियों को बिना दबाव के व्यापार करने दिया जाए।
सत्ता दल के नेता मनीष सेन ने कहा कि परिषद की बैठक में पहले ही निर्णय लिया जा चुका था कि संबंधित कर्मचारी को हटाकर अन्य कार्य में लगाया जाए, लेकिन प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं होने के कारण पार्षदों और नागरिकों को धरने पर बैठना पड़ा।
धरने की सूचना मिलते ही निगम सभापति रवि जैन मौके पर पहुंचे और रहवासियों व पार्षदों से चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी ली। सभापति ने निगम आयुक्त से बात कर रवि गोयनार को पद से हटाकर अन्य विभाग में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

