विभिन्न औषधीय एक हजार पौधों का वितरण किया
देवास। मक्सी रोड पर तुलजा विहार कॉलोनी में स्थित सतपुड़ा एकेडमी में श्रावण माह की हरियाली अमावस्या के पावन पर्व पर हरियाली महोत्सव एवं ग्रीन डे मनाया गया। वंडर किड्स भवन के परिसर में साज-सज्जा की गई। साथ ही प्रकृति के विभिन्न हरे रंग के रूपों फल सब्जी आदि से सजाया गया। इस अवसर पर कक्षा नर्सरी से यूकेजी तक के सभी बच्चे हरे रंग के परिधान पहनकर विद्यालय में आए तथा अपने बैग, लंच बॉक्स भी हरे रंग के ही लेकर आए। बच्चों ने विभिन्न व्यंजनों के स्वाद का लुत्फ भी उठाया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने गीत पेड़ लगाओ पेड़ लगाओ, धरती को हरा भरा बनाओ…, कविता, कहानी एवं पर्यावरण पर आधारित लघु नाटिका के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
सेंधव ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया
हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर संस्था सतपुड़ा एकेडमी द्वारा नीम, पीपल, बरगद, जाम, आंवला सहित विभिन्न प्रजाति के एक हजार पौधों का वितरण संस्था अध्यक्ष एवं मप्र पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने बच्चों, अभिभावक, स्कूली स्टाफ एवं नागरिकों को किया। श्री सेंधव ने पर्यावरण की जानकारी देते हुए बताया कि हम सबका कर्तव्य है कि हम एक पौधा अवश्य लगाएं। धरती को हरा-भरा रखने एवं पर्यावरण संतुलित करने के लिए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधों की देखभाल करें। यह हमारा कर्तव्य ही नहीं, बल्कि सभी का दायित्व भी है। इस अवसर पर श्री सेंधव ने बच्चों एवं अभिभावकों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। साथ ही विद्यालय परिसर में पौधा भी रोपा। इस अवसर पर संस्था संचालक भानूप्रतापसिंह सेंधव, प्राचार्य अमित तिवारी, श्रीमती सोमाली घोष ने औषधीय पौधों के विषय में जानकारी देते हुए पेड़ पौधों का महत्व समझाया। यह जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने दी।

