देवास। शहर की सामाजिक संस्था एक्ट ईव फाउंडेशन द्वारा अपने सामाजिक प्रकल्पों की कड़ी में जिला जेल में मांग पर कैदियों के लिए बुक शेल्फ और सदसाहित्य भेंट किया। छोटे किन्तु गरिमामयी कार्यक्रम में जेल अधीक्षक हिमानी मनवारे ने संस्था अध्यक्ष मोहन वर्मा का स्वागत किया वहीं एक्ट ईव फाउंडेशन की और से प्रवीण शर्मा ने हिमानी मनवारे और जेलर अनिल दुबे का स्वागत किया। बुक शेल्फ और सदसाहित्य भेंट के इस अवसर पर मोहन वर्मा ने कहा अच्छा मित्र और अच्छा साहित्य हमें विपरित परिस्थिति में भी सोचने समझने का अवसर देता है। कई बार क्षण भर का आवेश हमारी जिंदगी की दिशा और दशा ही बदल देता है। जिस तरह हम वाहन चलाते समय दिमाग के साथ क्लच, गियर,ब्रेक का इस्तेमाल कर सुरक्षित वाहन चलाते है इसी तरह परिस्थिति जन्य स्थितियों में भी संतुलन जरूरी है,ऐसे में अच्छी किताबें हमारी मदद करती हैं। जेल अधीक्षक हिमानी मनवारे ने इस अवसर पर कहा कि हमारा प्रयास यही रहता है कि यहाँ रहकर लोग अपने समय को सकारात्मक चीजों से जोड़े रखें और इसी कड़ी में हमने अच्छी किताबों के साथ एक लायब्रेरी की स्थापना की कोशिश की है जिसका लाभ बंदी ले सकेंगे। हम एक्ट ईव फाउंडेशन और मोहन वर्मा के आभारी हैं कि हमारे आग्रह पर संस्था द्वारा ये सौगात दी गई। कार्यक्रम का संचालन वैशाली भारद्वाज ने किया। कार्यक्रम में योगेन्द्र सिंह चावडा और शीशराम जाट भी उपस्थित थे।

