
देवास (खुमानसिंह बैस/शाकिर अली दीप)शहर और जिले मे जनधन और जीवन से खेलने वाले, नकली मावा,दूध और दूध से बनने वाले अनेक उत्पाद सहित मिठाईयां बनाकर आसानी से बेच रहे हैः । संबंधित विभाग कथित रुप से मासिक दक्षिणा लेकर निष्क्रिय हैं और पुलिस मुखबिरों की सूचना सहित चैकिंग या गश्त मे समाज के दुश्मनों को पकड़ रही हे । कोतवाली थानाप्रभारी उमरावसिंह ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि जिले में मिलावटखोरों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने सांची और अमुल घी के नाम से मिलावटी घी बनाने के कारखाने का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने नकली घी कारोबारी सरगना देवनारायण चौधरी निवासी त्रिलोकनगर इटावा और पुरुषोत्तम निवासी इंदौर को गिरफ्तार किया है। दोनो आरोपी मिलावटी घी बनाकर उसे ब्रांडेड कंपनियों के रेपर मे पैक कर आसपास के जिलों में बेचते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 35 किलो तैयार सांची घी, मिलावटी घी बनाने का कच्चा माल 75 किलो, घी मे डालने का सेंट ,डालडा घी, गैस सिलेंडर सहित मिलावटी घी बनाने के उपकरण जप्त किए हैं जिनकी कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये है ।
आरोपी देवनारायण का पुलिस रिमांड लिया जाकर विस्तार से पूछताछ की जा रही है ।
इससे पहले भी बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस सिविल थाना क्षेत्र से नकली दूध और दूध उत्पाद बनाने के कारखाने पर कार्रवाई कर चुकी है । कुछ समय पहले लम्बे समय से सिलावटी मे नकली मावा बनाकर बैचने वाले भी पुलिस ने ही गिरफ्तार किये थे । प्रशासनिक और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा आंखों पर पट्टी बंधवा लेने के कारण मिलावटखोरों के हौसले बुलंद हैं । संबंधित अधिकारी कर्तव्यपालन और कार्रवाई के नाम पर औपचारिकता ही पूर्ण कर रहे हैं ।

