कलेक्टर-एसपी के काम पर निर्भर है जनता को सुशासन देना, कलेक्टर-एसपी के अच्छे कार्य का बेहतर असर होता है
मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के कार्यों की समीक्षा

देवास 29 नवम्बर 2021/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज चौहान ने आज प्रदेश के सभी कमिश्नर्स, आई.जी., कलेक्टर्स, पुलिस अधीक्षक के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह, डीएफओ श्री पीएन मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री महेंद्र सिंह कवचे, एएसपी श्री मनजीतसिंह चावला, नगर निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान, सीएमएचओ डॉ. एमपी शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कमिश्नर-कलेक्टर कान्फ्रेंस सुशासन का प्रभावी माध्यम बनी है। जनता को सुशासन देना कलेक्टर-एसपी के काम पर निर्भर है, कलेक्टर-एसपी के अच्छे कार्य का बेहतर असर होता है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कमिश्नर-कलेक्टर, आईजी-एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ने अब सुशासन के लिए एक निश्चित व्यवस्था का स्वरूप धारण कर लिया है। यह सुशासन का प्रभावी माध्यम बनी है।
मुख्यमंत्री श्री सिंह चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कलेक्टर श्री चन्द्रमौली शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह से देवास जिले में की गई कार्यवाही की जानकारी ली। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने देवास में मिलावट से मुक्ति अभियान और अवैध शराब पर की गई कार्यवाही की प्रशंसा की। उन्होंने जिले में गुमशुदा बालक/बालिकाओं को ढुंढने का कार्य अच्छे होने पर देवास जिले की तारीफ भी की।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कलेक्टर श्री चन्द्रमौली शुक्ला ने बताया कि देवास जिले में मिलावट से मुक्ति अभियान तहत कार्यवाही की गई। भू-माफियाओं के खिलाफ अतिक्रमण हटाने तथा अपराधिक प्रवृत्ति के लोगो, अवैध शराब पर कार्यवाही की गई, खाद्यान की काला बाजारी के विरूद्ध, चिंहित अपराध और सायबर क्राइम के अपराधियों पर कार्यवाही की गई। बालिकाओं और महिलाओं के विरूद्ध हुए अपराधों में अपराधियों विरूद्ध भी त्वरित कार्यवाही की गई है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कलेक्टर, एसपी अपने-अपने स्तर पर सरकार के प्रतिनिधि हैं। जिलों में उन्हीं के काम पर जनता को सुशासन देना निर्भर है। उन्हीं के कार्य से सरकार की विभिन्न योजनाएँ जनता तक पहुँचती हैं। जिला स्तर पर कलेक्टर-एसपी के अच्छे कार्य का बेहतर असर होता है, परंतु जहाँ ढिलाई रहती है उससे सरकार की छवि प्रभावित होती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि संपूर्ण प्रशासनिक अमला पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कॉन्फ्रेंस में माफिया के विरुद्ध कार्यवाही, महिला अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था की स्थिति तथा माफिया के अतिक्रमण से मुक्त भूमि के उपयोग की समीक्षा की। विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभ की सभी पात्र हितग्राहियों को सरलता से उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से 15 नवंबर से 15 दिसंबर 2021 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान की भी समीक्षा की। कॉन्फ्रेंस में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण और कोविड-19 टीकाकरण की द्वितीय डोज लगाने की कार्यवाही की समीक्षा की। प्रधानमंत्री शहरी पथ विक्रेता स्वनिधि योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना की प्रगति की समीक्षा की।
वीडियो कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, सी.एम. राइस योजना, मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम योजना, मध्यप्रदेश सिकल सेल (हीमोग्लोबिन) मिशन, मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना का प्रस्तुतिकरण हुआ तथा जिला कलेक्टर्स से अपेक्षाओं पर चर्चा की। फोटो संलग्न

