‘एक रुख सौ सुख – एक पेड़ एक जिंदगी’ की थीम पर पौधारोपण. युवा शक्ति यूथ क्लब व ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की नई पहल

देवास। पौधारोपण से ​किसी एक व्यक्ति को नहीं बल्कि आसपास रहने वाले सभी लोगों को लाभ होता है। एक पौधा चारों ओर के वातावरण को शुद्ध कर देता हैं। पौधा जब बडा़ होकर पेड़ बनता है तब उसके फूल, फल कोई एक नहीं बल्कि सभी खाते है। पेड़ की छाया इंसानों से लेकर पशुओं सभी को मिलती है। पौधारोपण का एक रुख सौ सुखों के बराबर है व एक पेड़ एक जिंदगी के बराबर ही होता है। कुछ ऐसी ही थीम को ध्यान में रखते हुए ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति ओर युवा शक्ति यूथ क्लब पीपलकोटा के युवाओं द्वारा गांव में पौधारोपण किया जा रहा है। साथ ही सभी ग्रामीणों को पौधारोपण करने का संदेश भी दिया जा रहा है। अध्यक्ष रूपराम पेठारी ने बताया कि पौधारोपण करने के लिए वैसे तो किसी खास दिन की जरूरत नहीं होती। लेकिन यदि कोई अवसर हो तो इससे बेहतर और क्या हो सकता है। बरसात के मौसम में प्रकृति के संरक्षण की याद बनाए रखने के लिए पौधारोपण करने से अच्छा और कुछ नहीं। सरपंच प्रतिनिधि संतोष प्रजापत व हमारी संस्था के सदस्यों ने गांव में लोगों को खुद की पंसद के पौधे वितरण करने का संकल्प लिया है। ताकि ग्रामीण खुद की पंसद के पौधों को लगाकर उसकी पेड़ बनने तक देखभाल करेंगे। यदि सभी लोग एक—एक पौधारोपण भी करेंगे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक बडा़ कदम होगा। पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी प्रत्येक व्यक्ति की है। क्योंकि हर कोई अपनी जरूरत के अनुसार प्रकृति से मिलने वाले संसाधनों का उपयोग करता है। इसलिए जब प्रकृति से लेते हैं तो उसे वापस करना भी सभी की जिम्मेदारी है। तभी संतुलन बना रहेगा। जितने भी प्रदूषण हो रहे हैं। इन सभी का कारण प्रकृति में होने वाला असंतुलन है। और इसके लिए मानव ही जिम्मेदार है। अभी भी समय है हम सब अपनी गलतियाँ सुधार लें।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर संस्था सचिव ओमप्रकाश सिटोले, उप सरपंच इलियास खान, बीजेपी मंडल उपाध्यक्ष रेवाराम राठौर, कांग्रेस नेता शिवप्रसाद नागोरी, सचिव प्रहलाद कर्मा, राकेश सिटोले, विनोद, रामचंद्र, रोहित, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि गंगाधर राठौर, शिक्षक महबूब खान, इर्शाद, सतीश, प्रेम राठौर, कमाऊद्दीन, सूका, टिनवर, अशोक पेठारी इत्यादि का सहयोग रहा।