देवास। शहर के रेत खनिज परिवहन करने वाले वाहन चालकों एवं मालिकों ने खनिज विभाग और रेत ठेकेदार के रवैये के विरोध में हड़ताल शुरू की है। इसी कड़ी में वाहन मालिकों ने मंगलवार को एसपी कार्यालय आकर अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
रेत खनिज परिवहन व्यवसायी संगठन के विजय गेहलोत ने बताया कि सीहोर एवं देवास रेत खदान से देवास की सैकड़ों गाडियां रेत भरती हैं। नियमानुसार रायल्टी का रुपया भी देती है। रेत खदान ठेकेदारों द्वारा 1400 रुपये प्रतिघन मीटर का रुपया गाड़ी वालों से लिया जा रहा है। यह राशि 1 जुलाई से 30 सितंबर 2022 तक एनजीटी के प्रतिबंध के कारण बढ़ाई गई थी। इसके पूर्व रायल्टी 700 रुपये प्रति घन मीटर ली जाती थी। रायल्टी बढ़ने के कारण आम नागरिकों को सस्ती रेत उपलब्ध नहीं हो पा रही है। रेत परिवहन से जुड़े व्यापारियों ने बढ़ी हुई रायल्टी को कम करने के लिए मांग की।
ज्ञापन देकर वाहन मालिकों ने कहा रेत खदान से रेत वाहनों को रेत व रायल्टी की मात्रा दी जा रही है, उसे मान्य किया जाए। रेत या रायल्टी की मात्रा में जो भी कम या ज्यादा करना है उसे खदान द्वारा किया जाए। गाड़ी खदान से निकलने के बाद खनिज विभाग या ठेकेदार द्वारा न रोका जाए। रेत परिवहन करने वाले वाहन मालिक सिर्फ ट्रांसपोर्टर हैं और ये सिर्फ खदान और ग्राहक के बीच की कड़ी हैं। फिर भी खनिज विभाग एवं ठेकेदार अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है। इस अवसर पर रेत परिवहन से जुड़े कई व्यवसायी उपस्थित थे।


