शंकरगढ़ एडवेंचर फेस्ट यानि जनता का लाखो रुपया वेस्ट… शहरवासियों ही नहीं जन प्रतिनिधियों ने भी बनाई दुरी, कुर्सिया रही खाली


देवास। शहर के इन्दौर भोपाल बायपास पर स्थित शंकरगढ़ पहाड़ी पर जिला एवं नगर निगम प्रशासन द्वारा 12 फरवरी तक चलने वाले तीन दिवसीय एडवेंचर फेस्ट का शहरवासियों की बेरूखी एवं अनुपस्थिति के साथ शुभारंभ हो गया। इससे पूर्व भी बीते वर्ष में एडवेंचर फेस्ट के नाम पर लाखो रूपया स्वाह किया गया था। उस समय भी प्रशासन के इस आयोजन से आम जनता की दुरी ही नजर आयी थी। इस बार फिर वही खाली खाली नजारा रहा। सोशल मीडिया एवं आम जन प्रतिक्रियाओं में यह तथ्य मुखरता से सामने आ रहा है कि एडवेंचर फेस्ट, जनता का पैसा वेस्ट यानि एडवेंचर फेस्ट के नाम पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जनता के पैसे की बर्बादी की जा रही है। देखा जाए तो शहरवासी मुलभूत सुविधाओं से वंचित है। कई रूपों में आए दिन जन समस्याए सामने आती रहती है। रहवासी क्षैत्रों, मुख्य बाजारों में गंदे नाले-नालियों का बहता बदबूदार पानी, अनदेखी के कारण गार्डनों की दुर्दशा, स्ट्रीट लाईट की समस्या, कचरा संग्रहण की गाडिय़ों का अव्यवस्थित सचालन, कालोनियों में सडक़ो का अभाव या जर्जर सडक़ो से लोगो को परेशानियां भुगतना पड़ रही है। इनसे उलट बार बार एडवेंचर फेस्ट जनता के धन की फिजूलखर्ची एवं अधिकारियों की जेब भरने का जरिया ही दिखाई दे रहा है। देवास बहुतायत में श्रमजीवियों अर्थात मेहनत मजदूरी से जीवन यापन करने वालो का शहर है। हजारो की संख्या में लोग परिवार का पेट पालने के लिये कारखानो में एवं दैनंदिनी मजदूरी में लगे रहते है। उन्हे एडवेंचर फेस्ट से कोई सरोकार नहीं है। औद्योगिक क्षैत्रों में कारखानो में काम करने जाने वाले हजारो श्रमिक आज भी आवागमन में कठिनाईयां झेल रहे है। सडक़ो के अभाव मेें या अंधेरे का सामना करते आना जाना कर रहे है। शोषण का शिकार हो रहे है। प्रशासन इस और आज तक गंभीरता और सहृदयता से ध्यान नहीं दे पाया है। चाहता तो हर कोई है कि जनता के लिये स्वस्थ मनोरंजन के साधन उपलब्ध हो। टूरिज्म को बढ़ावा मिले, लेकिन शहरवासियों को मुलभूत सुविधाए प्रदान किये, जन समस्याओं का निवारण किये, लोगो को रोजी रोटी कमाने में आने वाली कठिनाईयों को दुर किये बिना एडवेंचर फेस्ट अधुरा ही है…। शहरवासी ही नहीं अधिकांशत: जन प्रतिनिधियों ने भी इसमे रूचि नहीं दिखाई है। यहां तक कि महापौर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष भी अनुपस्थित रहे। इसी का उदाहरण है कि एडवेंचर फेस्ट के शुभारंभ अवसर पर अधिकांश कुर्सियॉ खाली पड़ी रही।

विधायक के जाते ही गिरा गेट, अनहोनी टली
शंकरगढ़ पहाड़ी पर जिला एवं नगर निगम प्रशासन द्वारा आयोजित एडवेंचर फेस्ट 2023 में लापरवाही एवं अव्यवस्था का आलम यह रहा कि फ्लैक्स से निर्मित गेट धराशायी हो गया। जिस समय उक्त गेट गिरा, उससे कुछ मिनट पूर्व ही कार्यक्रम का शुभारंभ करने आमंत्रित विधायक गायत्रीराजे पवार वहां से निकलकर गयी थी। वह तो गनीमत है कि उनके निकलते समय यह गेट धराशायी नहीं हुआ और किसी भी प्रकार की अनहोनी टल गयी वर्ना लेने के देने पड़ जाते…
डस्टबिन में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा

एडवेंचर फेस्ट 2023 के शुभारंभ अवसर पर भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का अपमान भी खुलेआम नजर आया। मंच के समीप ही डस्टबिन में अपमानित होते तिरंगे पर किसी भी प्रशासनिक अधिकारी या कर्मचारी द्वारा ध्यान नहीं दिया गया। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों, पत्रकारों द्वारा वहां मौजूद निगम इंजीनियर को शिकायत की गयी, तब कहीं जाकर डस्टबिन से तिरंगे को निकलवाया गया। सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान के छायाचित्र एवं खबरे वायरल होने पर हर कोई इस प्रकार की लापरवाही एवं अनदेखी पर निंदा करता नजर आ रहा है।