देवास। कैला देवी चौराहे पर लगने वाली दुकान को अन्य जगह पर स्थापित किए जाने को लेकर पार्षदों का प्रतिनिधि मण्डल मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर ऋषव गुप्ता के पास पहुंचा और आवेदन सौंप कार्यवाही की मांग की। पार्षद प्रतिनिधि रूपेश वर्मा ने बताया कि कैलादेवी चौराहे पर लगने वाली शराब की दुकान नियमानुसार विकास नगर पर होना चाहिए, लेकिन वह कैलादेवी माता मंदिर के चौराहा मुख्य मार्ग पर संचालित हो रही है, जिसका हम विरोध करते है। शराब की दुकान से आए दिने विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है। इस दुकान के कारण रहवासियों व दुकानदारों में विवाद होने का भय लगा रहता है। नियम यह कहता है कि मंदिर से 100 मीटर के आसपास कोई भी शराब की दुकान नही होना चाहिए, लेकिन यह बिल्कुल नियम के विपरीत है। शराब की दुकान पर हर कभी विवाद की स्थिति निर्मित होती रहती है। जिससे वार्डवासी भी परेशान है। माता-बहने व बुजुर्ग उस मार्ग से निकलने से भी डरते है। शराब के ग्राहक अपने वाहन बीच सडक़ पर खड़े करके दुकान पर जाते है। यहीं नई लोग झुण्ड बनाकर शराब पीते है, जिससे आवागमन भी बाधित होता है। जवाहर नगर का मुख्य मार्ग बंद होने से कैलादेवी चौराहे पर आवागमन बड़ गया है, लेकिन शराब की दुकान के कारण स्कूली बच्चें, महिलाएं व शहर का हर कोई नागरिक इस मार्ग से निकलने से कतराता है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने आवेदन की समस्या सुनने के बाद उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। रूपेश वर्मा ने कहा कि 10 दिनों में शराब की दुकान नही हटी तो क्षेत्रवासियों द्वारा आंदोलन किया जाकर शराब दुकान बंद कराई जाएगी। इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि महेन्द्र देशमुख, राज वर्मा, सोनू परमार आदि उपस्थित थे।

