देवास। सिविल लाइन थानांतर्गत ग्राम बैरागढ़ में गत 3 सितंबर को जितेंद्र पिता सीताराम राठौर 35 वर्ष की खेत पर लाश मिली थी। जिसे पुलिस ने बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा था। पोस्टमार्टम हुए 6 दिन बीत चुके है, किंतु रिपोर्ट अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगी है। लिहाजा पुलिस आगे की कार्यवाही नहीं कर पा रही है। उधर परिजनों ने जितेंद्र की मौत के मामले में सवाल उठाते हुए गांव के ही पांच लोगों पर संदेह व्यक्त किया है और पुलिस से उचित कार्यवाही करने की मांग की है। मृतक जितेंद्र राठौर के भाई विकास पिता सीताराम ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को की गई शिकायत में बताया कि उसका भाई जितेंद्र 3 सितंबर की दोपहर में घर से खेत पर पानी फेरने का बोलकर निकला था। 3-4 घंटे बाद भी जब जितेंद्र घर नहीं आया तो परिजन उसे खोजने के लिए खेत पर निकले, तभी जितेंद्र का शव खेत पर पड़ा मिला। जिसे तत्काल अमलतास अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। पोस्टमार्टम तो हो गया, किंतु 6 दिन बीत जाने के बाद भी पीएम रिपोर्ट नहीं आई है, पुलिस उसी का इंतजार कर रही है। परिजनों का आरोप है कि जितेंद्र के शरीर पर कई चोट के निशान पाए गए है और घटना स्थल पर झगड़े के सबूत दिखाई दे रहे है। जिस खेत पर जितेंद्र का शव मिला है, वहां पर सोयाबीन की फसल भी क्षतिग्रस्त हुई थी। साथ ही मोबाइल भी काफी दूर टूटा हुआ मिला है। घटना स्थल पर खून के निशान भी मिले है और एक रस्सी व गेती का हत्था भी प्राप्त हुआ है। परिजनों ने संदेश व्यक्त किया है, जितेंद्र के साथ पहले मारपीट की गई है, फिर साक्ष्य छुपाने की नियत से करंट देकर मारा गया है। शिकायत में गांव के ही 5 लोग शुभम, कृष्णा, पिंटू, दिनेश व बद्रीलाल पर शंका जताई गई है। खास बात यह है कि मृतक जितेंद्र ने गत 14 जून को सिविल लाइन थाना प्रभारी को एक आवेदन दिया था, उसमें भी जितेंद्र ने इन्हीं पांच लोगों के नाम पर शिकायत की थी और बताया था कि ये पड़ोसी बगैर बताए हमारे खेत की मेढ़ से छेड़छाड़ कर रहे है। साथ ही गालीगलौज व मारपीट की धमकी भी दे रहे है, किंतु जून माह में दिए गए आवेदन पर पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की थी।
इस मामले में परिजनों का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल हमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद जांच का दायरा आगे बढ़ाया जाएगा और निष्पक्ष कार्यवाह की जाएगी।
अजय चानना
टीआई, सिविल लाइन थाना
जितेंद्र राठौर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट शनिवार को आ गई थी, जिसने हमने रिकार्ड शाखा में जमा करा दी है। सोमवार को संबंधित थाना पुलिस या परिजन रिपोर्ट प्राप्त कर सकते है।
अजय पटेल
आरएमओ, जिला अस्पताल

