भारत ने विराट कोहली के 95 और मोहम्मद शमी के पंजे के दम पर न्यूजीलैंड को वर्ल्ड कप में 20 साल बाद हरा दिया है। न्यूजीलैंड के 274 के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 12 गेंद बाकी रहते 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने धर्मशाला में टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का निर्णय किया। मोहम्मद सिराज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पावरप्ले में पहला विकेट हासिल किया। डिवॉन कॉन्वे इस वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के लिए इन-फॉर्म बल्लेबाज हैं। ऐसे में मोहम्मद सिराज ने चौथे ओवर की तीसरी गेंद उनके पैड्स पर फुलर लेंथ की रखी। इन-फॉर्म बल्लेबाज को पैड्स पर फुल लेंथ की गेंद डालने में रिस्क था। मोहम्मद सिराज ने डिवॉन कॉन्वे को ग्लांस करने का लालच दिया। कॉन्वे खुद पर काबू नहीं रख सके और इस फुल लेंथ गेंद को ग्लांस कर दिया। स्क्वायर लेग पर तैनात श्रेयस अय्यर ने नीचे झुककर दाईं ओर डाइव लगाते हुए शार्प कैच पकड़ लिया।
कीवी ओपनर डिवॉन कॉन्वे 9 गेंद खेलकर बगैर खाता खोले पवेलियन की तरफ चल दिए। भारत ने 9 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को पहला झटका दे दिया। 4 मैच बेंच पर बैठने के बाद मोहम्मद शमी ने पहली ही गेंद पर कीवी बल्लेबाज को बोल्ड कर दिया। नवें ओवर में शमी को पहली बार गेंद थमाई गई। मोहम्मद शमी ने पहली गेंद ऑफ स्टंप पर लेंथ बॉल रखी। इस गेंद पर मोहम्मद शमी ने एक्स्ट्रा बाउंस हासिल किया। गेंद बल्लेबाज तक थोड़ी देरी से भी पहुंची। बॉल कट करने के लिए शरीर से काफी करीब थी, लेकिन फिर भी कीवी बल्लेबाज विल यंग ने प्रयास किया। गेंद बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेट से जा टकराई। विल यंग 27 गेंद पर 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। स्कोर 19 पर 2 आउट।
मोहम्मद शमी के 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रवींद्र जडेजा ने बैकवर्ड पॉइंट पर रचिन रवींद्र का रेगुलेशन कैच छोड़ दिया। यहां से डेरिल मिचेल और सचिन रवींद्र ने मिलकर 148 गेंद पर 159 रन जोड़े। दोनों ने मिलकर भारतीय गेंदबाजी को पूरी तरह डोमिनेट किया। आखिरकार मोहम्मद शमी ने 34वें ओवर की तीसरी गेंद पर रचिन रवींद्र को चलता कर इस साझेदारी का अंत किया। ऑफ कटर गेंद को एक्रॉस द लाइन लॉफ्ट करने के प्रयास में रचिन लॉन्गऑन को कैच दे बैठे। रचिन ने 87 गेंद पर 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 75 रन बनाए। यहां से कुलदीप यादव ने विकेट चटकाने की जिम्मेदारी उठाई। कुलदीप यादव के 37वें ओवर की पांचवीं क्विक बॉल को फ्लिक करने के प्रयास में कीवी कप्तान टॉम लैथम 5 रन बनाकर LBW हो गए। स्कोर 205 पर 4 आउट। कुलदीप यादव के 45वें ओवर की दूसरी टॉस्ड अप गेंद पर स्लॉग करने के प्रयास में ग्लेन फिलिप्स का टॉप एज हवा में खड़ा हो गया। कप्तान रोहित ने कैच पकड़ लिया। स्कोर 243 पर 5।
बुमराह के 47वें ओवर की अंतिम धीमी शॉर्ट बॉल पर चैपमैन पुल खेलने में चूक गए और विराट ने शानदार कैच पकड़ा। चैपमैन ने बनाए 6 और स्कोर 257 पर 6 आउट। मोहम्मद शमी ने 48वें ओवर की चौथी यॉर्कर पर मिचेल सैंटनर को 1 के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। अगली फुलर लेंथ गेंद पर मोहम्मद शमी ने मैट हेनरी को भी बगैर खाता खोले बोल्ड मारा। स्कोर 260 पर 8 आउट। मोहम्मद शमी के 50वें ओवर की पांचवीं लेंथ बॉल पर मिचेल सैंटनर मिडविकेट में कैच दे बैठे और ट्रेंट बोल्ट अंतिम गेंद पर रन आउट हो गए। पूरे 50 ओवर खेल कर न्यूजीलैंड ने सभी विकेट खोकर 273 रन बनाए। मोहम्मद शमी ने 10 ओवर में 54 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट चटकाए। कुलदीप यादव को 2 और बुमराह-सिराज को 1-1 सफलता मिली। जवाब में पावरप्ले में भारत में बगैर नुकसान 63 रन बना दिए।
हिटमैन ने 40 गेंद पर 4 चौकों और 4 छक्कों के साथ 46 रन जड़े। लॉकी फर्ग्यूसन के 12वें ओवर की पहली गेंद स्लो वाइड सीम अप डिलीवरी थी। हिटमैन कट करने के प्रयास में गेंद को विकेट पर खेल बैठे। यह बात दावे से कही जा सकती है कि कोई भी असली क्रिकेट प्रेमी इस ताबड़तोड़ पारी का अंत नहीं देखना चाहता होगा। बल्लेबाजी के लिए मुश्किल परिस्थितियों में रोहित शर्मा ने तूफान मचा दिया। भारत को 71 पर पहला झटका लगा। लॉकी फर्ग्यूसन ने 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर शुभमन गिल को भी चलता कर दिया। आउटसाइड ऑफ डाली गई शॉर्ट बॉल पर शुभमन अपर कट खेलना चाहते थे, गेंद में गति नहीं थी और गिल का सीमा रेखा के आसपास डेरिल मिचेल ने कैच पकड़ लिया। शुभमन ने 31 गेंद पर 5 चौकों की मदद से 26 बनाए और भारत को 76 पर दूसरा झटका लग गया।
तीसरे विकेट के लिए विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के बीच 47 गेंद पर 52 रनों की साझेदारी हुई। ट्रेंट बोल्ट ने 22वें ओवर की तीसरी गेंद पर श्रेयस अय्यर के खिलाफ शॉर्ट बॉल का सहारा लिया। टॉप एज डीप स्क्वायर लेग में डिवॉन कॉन्वे के हाथ चला गया। अय्यर 29 गेंद पर 6 चौकों के साथ 33 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। यहां से विराट और केएल राहुल ने 64 गेंद पर 54 रन जोड़ दिए। केएल राहुल ने मिचेल सैंटनर के 33वें ओवर की पहली फ्लाइटेड गेंद पर आगे बढ़कर डिफेंड करने का प्रयास किया। सैंटनर ने बल्लेबाज की उम्मीद से ज्यादा तेज गेंद डाल दी। जब तक बल्ला नीचे आता, बॉल पैड से टकरा चुकी थी। केएल राहुल 27 पर लौट गए और भारत को 182 पर चौथा झटका लगा। यहां से जीत के लिए 107 गेंद पर 92 रन की दरकार थी। तभी सूर्यकुमार यादव बोल्ट के 34वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रन आउट हो गए। 4 मैच बाद मौका मिला, लेकिन सूर्यकुमार यादव रन आउट की वजह से अपनी प्रतिभा नहीं दिखा पाए।
191 पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई। सूर्या के हिस्से 4 गेंद पर 2 रन आए। अब विराट और जडेजा पर भारत को मंजिल तक ले जाने का जिम्मा था। दोनों के बीच 83 गेंद पर 78 रनों की पार्टनरशिप हुई। जब लगा कि विराट कोहली शतक जड़ देंगे, तब वह मैट हेनरी के 48वें ओवर की चौथी धीमी गेंद पर डीप मिड विकेट में कैच दे बैठे। विराट ने 104 गेंद पर 8 चौकों और 2 छक्कों के साथ 95 रन बनाए। भारत को 269 पर छठा झटका लगा। जडेजा ने इसी ओवर की अंतिम शॉर्ट पिच गेंद पर डीप स्क्वायर लेग की दिशा में पुल शॉट खेलते हुए चौका लगाया और भारत को 4 विकेट से जीत दिला दी। जडेजा 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 39 पर नाबाद रहे। पंजा खोलने वाले मोहम्मद शमी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। विराट कोहली और मोहम्मद शमी के दम पर भारत को न्यूजीलैंड पर वर्ल्ड कप में 20 साल बाद मिली ऐतिहासिक जीत की देश को बधाई l 🇮🇳

