सतपुड़ा एकेडमी में उत्साह के साथ मना बसंत पर्व


राष्ट्र की सुख-समृद्धि के लिए बच्चों ने हवन में दी आहूतियां
देवास। स्थानीय मक्सी रोड पर तुलजा विहार कॉलोनी स्थित सतपुड़ा एकेडमी में विद्या की देवी मां सरस्वती का पर्व बसंत पंचमी बड़े उत्साह एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आकर्षक साज-सज्जा की गई। संस्था वैभव विहार शिक्षा समिति अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, संस्था संचालक भानूप्रतापसिंह सेंधव, प्राचार्य अमित तिवारी ने मां सरस्वती की प्रतिमा का विधि विधानपूर्वक पूजन-अर्चन कर दीप प्रज्ज्वलित किया। पं. गुलाब प्रसाद जी के आचार्यत्व में धार्मिक अनुष्ठान व हवन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, स्कूली स्टाफ व अतिथियों ने आहूतियां डालकर राष्ट्र कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर विद्यार्थी पीले परिधान पहनकर आए थे, जो आकर्षण का केंद्र थे। मां सरस्वती की जय-जयकार से संपूर्ण वातावरण धर्ममय हो गया। हवन पश्चात महाआरती हुई एवं अंत में प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष श्री सेंधव ने विद्यार्थियों को अपना मार्गदर्शन देते हुए कहा कि आज के दिन बसंत का आगमन होता है। विद्या की देवी मां सरस्वती का पर्व हम बड़े धूमधाम के साथ मना रहे हैं। मां सरस्वती की आराधना कर विद्यारंभ संस्कार कराया जाता है, जहां बच्चों पर मां सरस्वती की कृपा बरसती है। बच्चे श्रेष्ठ शिक्षा ग्रहण कर राष्ट्र कल्याण में सहभागी बनें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, स्कूली स्टाफ उपस्थित रहा।