देवास – अमलतास विश्वविद्यालय ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करना और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों, चिकित्सको और कर्मचारियों ने मिलकर रेवती रेंज इंदौर में सैकड़ों पौधे लगाए। अभियान में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शरद चन्द्र वानखेड़े ने कहा,”आज हम एक महत्वपूर्ण कार्य का हिस्सा बन रहे हैं,जो न केवल हमारे पर्यावरण को सुधारने में मदद करेगा,बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक हरित और स्वस्थ वातावरण तैयार करेगा।” पौधारोपण कार्यक्रम में विशेष रूप से फलदार और छायादार पौधों का चयन किया गया, जो कि न केवल पर्यावरण के लिए फायदेमंद होंगे, बल्कि स्थानीय जीव-जंतुओं के लिए भी आश्रय प्रदान करेंगे। इस पहल में विश्वविद्यालय के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने-अपने परिवारों, दोस्तों और समुदाय के लोगों को इस अभियान से जोड़ने का भी प्रयास किया। इस मौके पर, छात्र संगठन और चिकित्सक समूहों ने पर्यावरणीय जागरूकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला और सभी से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। साथ ही अमलतास अस्पताल द्वारा अलग अलग जगहों पर प्रशासन निर्देश एवं उद्योग संघ देवास के आव्हान पर शंकरगढ़ पहाड़ी एवं माता टेकरी पर वृक्षारोपण किये गये | अभियान में अमलतास अस्पताल प्रशासक डॉ. प्रशांत , डॉ. मनीष शर्मा, डॉ. रोशन, डॉ. मोहसिन एवं समस्त छात्र छात्राएं एवं स्टाफ उपस्थित थे | अमलतास विश्वविद्यालय के चेयरमैन श्री मयंक राज सिंह भदौरिया द्वारा बताया गया की इंदौर ने जो ग्रीन सिटी बनाने का संकल्प लिया वह सराहनीय है गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिये नगरीय प्रशासन मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय जी को बहुत बहुत बधाई एवं शुभकानाएं प्रेषित की |

