गुरु ही हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है : सेंधव

सतपुड़ा एकेडमी में गुरु पूर्णिमा पर हुए विभिन्न आयोजन, विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुति

विद्यार्थियों ने गुरुजनों का सम्मान कर लिया आशीर्वाद, मंगल तिलक कर पुष्पगुच्छ किए भेंट

देवास। मक्सी रोड पर तुलजा विहार कॉलोनी में स्थित सतपुड़ा एकेडमी में गुरु पूर्णिमा महोत्सव बड़े उत्साह एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। आयोजित कार्यक्रम में वैभव विहार शिक्षा समिति अध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर मां सरस्वती, भारत माता एवं गुरुजी के चित्र का पूजन-अर्चन कर दीप प्रज्ज्वलित किया। विद्यार्थियों ने श्री सेंधव, संचालक भानूप्रतापसिंह सेंधव, प्राचार्य वी.एस. जॉब का मंगल तिलक कर स्वागत, सम्मान किया। गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य पर कक्षा पहली के बच्चों ने गुरु की महिमा बताते हुए गुरु धौम्य एवं उनके आज्ञाकारी शिष्य आरुणि के प्रसंग को नाट्य के रूप में प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से यह बताया गया कि गुरु हमें अज्ञानता के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। विद्यार्थियों ने गुरु द्रोणाचार्य एवं पांडवों के प्रसंग पर भी शानदार प्रस्तुति दी। वहीं गुरु द्रोणाचार्य एवं अर्जुन और एकलव्य के प्रसंग का भी वर्णन किया। बच्चों ने गुरु शिष्य परंपराओं पर आधारित नाट्य की शानदार प्रस्तुति देते हुए गुरु-शिष्य परंपरा को दर्शाया। सतपुड़ा एकेडमी द्वारा संचालित वंडर किड्स भवन में भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। यहां नन्हें बच्चों ने गायत्री मंत्र का उच्चारण किया। भक्तिमय गीतों का गान कर गुरु शिष्य परंपरा पर गीत, कविता, भाषण की प्रस्तुतियां दी। नन्हें बच्चों ने अपने गुरुजनों को मंगल तिलक कर पुष्प भेंट किए एवं आशीर्वाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सेंधव ने गुरु-शिष्य परंपरा पर अपना मार्गदर्शन देते हुए कहा कि हमारे जीवन में गुरु का होना अति आवश्यक है, क्योंकि गुरु ही हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर हम अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। गुरु के आशीर्वाद के साथ से हम अच्छी शिक्षा ग्रहण कर समाज एवं राष्ट्र सेवा के लिए आगे बढ़ें। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गुरुजनों का मंगल तिलक कर पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान कर आशीर्वाद ग्रहण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण एवं गुरुजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन हर्षिता पटेल, पृथ्वीराजसिंह ने किया। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने दी।
भवदीय