देवास नाहर दरवाजा थाना से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ न्यायपालिका के सम्मान को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस और प्रशासन ने कड़ा शिकंजा कसा है। जिला कोर्ट के चतुर्थ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश माननीय प्रसन्न सिंह बहरावत के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रशासन अब ‘एक्शन मोड’ में है।
घटना नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र की देवास ग्रीन कॉलोनी” के बाहर की है। मिली जानकारी के अनुसार, तीन युवकों ने न्यायाधीश महोदय के साथ न केवल बदतमीजी की, बल्कि अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी पंकज घारू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथी भीम घारू और एक अन्य युवक फिलहाल फरार हैं।
सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि जिला प्रशासन ने अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए उनके अवैध निर्माणों को भी निशाना बनाया है। आरोपी की जयशिव नगर स्थित अवैध संपत्ति और मक्सी बायपास पर सरकारी जमीन पर बने अवैध पोल्ट्री फार्म को प्रशासन ने जमींदोज कर दिया है।
इस घटना ने शहर में न्यायपालिका की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज कर दी है, लेकिन प्रशासन की ‘बुलडोजर कार्रवाई’ ने यह साफ संदेश दे दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

