कांटाफोड़ की भांजी ने रचा इतिहास, आरुषि बाहेती बनीं भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल


देवास – देवास जिले के नगर कांटाफोड़ के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का क्षण है। नगर की भांजी एवं माहेश्वरी समाज की होनहार बेटी आरुषि बाहेती, निवासी बाग (जिला धार) ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल (Lieutenant Colonel) का प्रतिष्ठित पद प्राप्त कर परिवार, समाज और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से कांटाफोड़ सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
बताया जा रहा है कि आरुषि बाहेती माहेश्वरी समाज की देश की पहली बेटी हैं, जिन्होंने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल का पद प्राप्त कर समाज के इतिहास में एक नई उपलब्धि दर्ज की है। उनकी यह सफलता समाज की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
आरुषि के पिता दिलीप बाहेती एवं माता प्रियंका बाहेती ने पुत्री की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आरुषि ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और देशसेवा की भावना के साथ यह मुकाम हासिल किया है।
वहीं मामा शलभ गौरानी (कांटाफोड़) ने कहा कि यह उपलब्धि केवल परिवार के लिए ही नहीं बल्कि कांटाफोड़ नगर, बाग नगर और पूरे माहेश्वरी समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आरुषि ने यह सिद्ध कर दिया है कि बेटियां भी हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
आरुषि बाहेती की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर माहेश्वरी समाज, नगर के गणमान्य नागरिकों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।