
देवास (खुमानसिंह बैस /शाकिर अली दीप )उदयनगर थाने पर पदस्थ प्रशिक्षु डीएसपी शशांक जैन ने पुलिस शब्द के अर्थ को अपनी सक्रियता ,समर्पित सेवा और सुशिक्षा से साकार किया… जीवन से हार कर जीवन समाप्ति का प्रयास करने वाले को नव जीवन का उपहार दिया.
उदय नगर थाना के तहत रविवार को पारिवारिक विवाद और परेशानी के चलते एक युवक ने गहरी खाई में लटक कर अपना जीवन समाप्त करने का निर्णय लिया और इसकी सूचना डायल 100 को भी दी ।आत्महत्या के कुछ कारण पुलिस को बताते हुए इस व्यक्ति ने मरने की पूरी तैयारी कर ली । यह सूचना मिलते ही उदयनगर थाने पर पदस्थ प्रशिक्षु डीएसपी शशांक जैन तत्परता से घटना स्थल घाट को चिन्हित करते हुए वहां पहुंच गये जहां परेशान व्यक्ति आत्महत्या के लिए मौजूद था ।
जीवन और मौत के बीच लटके हुए व्यक्ति को कानून का पूरा सहयोग देने का विश्वास दिलाते हुए सकारात्मक विचारों से पहले आत्महत्या से रोका और पारिवारिक जिम्मेदारी ,जवाबदारी की बातें समझाते हुए कहा कि समस्याओं का निराकरण जीवन रहते ही हो सकेगा , तुम्हारी मौत के बाद हम भी कुछ नहीं कर सकेंगे ।
शशांक जैन की सकारात्मक समझाईश असर कर गई और मौत चाहने वाले ने जीवन का हाथ थाम लिया । शशांक जैन द्वारा अपने साथियों के सहयोग से युवक को सुरक्षित रूप से रस्सी के सहारे बचा लिया ।
प्राण बचाने वाली पुलिस का सहयोग पाकर युवक ने अपनी गलती पर पश्चाताप भी किया ।
शशांक जैन द्वारा युवक की समस्या का समाधान भी कर दिया गया ।
पुलिस के इस पुनीत कार्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और पुलिस की प्रशंसा भी हो रही है । आदर्श पुलिस प्रशासन देने की घोषणा पुलिस अधीक्षक कृष्णावेणी देसावतु ने अपनी पहली पत्रकारवार्ता मे की थी लेकिन यह हो न सका और उनका तबादला बहुत कम समय मे उज्जैन पुलिस ट्रेनिंग स्कूल हो गया ।
अब आदर्श ,सक्रिय और सफल पुलिस प्रशासन साकार हो रहा है पुलिस अधीक्षक डॉक्टर शिवदयालसिंह के कार्यकाल मे ।


