देवास 08 सितम्बर 2020/ कलेक्टर श्री चन्द्रमौली शुक्ला की अध्यक्षता में अग्रणी बैंक योजना की जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री विशाल सिंह चौहान तथा देवास की समस्त बैंको के जिला समन्वयक उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने पीएम स्वनिधि एवं ग्रामीण पथ विक्रेता स्कीम, स्वयं सहायता समूह (NRLM) की प्रगति तथा 30 जून की स्थिति के अनुसार सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं के तहत कार्यनिष्पादन की समीक्षा की। उन्होंने सभी बैंको को समय-सीमा में कार्य निष्पादन के निर्देश दिये। देवास जिले की सोयाबीन फसल खराब हो गई है। उसका मूल्यांकन करके फसल बीमा की राशि भुगतान करने की कार्यवाही करे।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने वर्ष 2022 तक किसान की आय को दोगुना करना एवं डेयरी किसान, प्रधान मंत्री किसान सम्मान के लाभार्थी को केसीसी उपलब्ध करवाने की योजना की समीक्षा की तथा वित्तीय समावेशन पर चर्चा की। उन्होंने प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना खरीफ-2020 की प्रगति, सीएम हेल्पलाइन एवं बैंकों से संबन्धित विभिन्न शिकायतों की प्रगति तथा नाबार्ड द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने पूर्व में आयोजित जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक के कार्यवाही विवरण की समीक्षा की। वित्त वर्ष 2019-20 की समाप्ती के उपरांत वार्षिक ऋण योजना के तहत प्रगति तथा चालू वित्त वर्ष 2020-21 की प्रथम तिमाही के उपरांत वार्षिक ऋण योजना के तहत प्रगति की समीक्षा।

