- भ्रष्टाचार की शिकायत एवं कार्यवाही को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण, नारेबाजी कर सौंपा ज्ञापन
देवास। सहायक सचिव द्वारा ग्राम पंचायत चंद्रपुरा में पदस्थ रहते हुए स्वीकृत कार्य पूर्ण नही करने, उक्त कार्यों की स्वीकृति राशि प्राप्त करने व ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच एवं पंचगणों की मांग अनुसार पूर्व का हिसाब नही देने पर ग्राम पंचायत चन्द्रपुरा के ग्रामीण गुरूवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि सहायक सचिव रामसिंह राठौड़ द्वारा 52,00,000 रूपए पौधारोपण रूपए की राशि स्वीकृत कराई गई थी, जिसमें से सहायक सचिव द्वारा काफी राशि का गबन किया गया। दोषी पाए जाने पर जिला पंचायत के वरिष्ठ अधिकारी ने 2,00,000 रूपए के अर्थ दण्ड से दण्डित किया जाकर राशि जमा करने का आदेश दिया। ग्राम पंचायत चंद्रपुरा के 11 हितग्राहियों के नाम से मुख्यमंत्री आवास योजना की राशि स्वीकृत होने के बाद भी सहायक सचिव ने 11 ही हितग्राहियों से अवैध रूप से पैसे भी लिए। जिसकी शिकायत जिला पंचायत देवास एवं जनपद पंचायत बागली में मय शपथ पत्र कथन अनुसार की गई थी, किंतु उस समय प्रतिप्रार्थी ने अधिकारियों से मिल जुलकर मामला रफा-दफा कर दिया, जिस कारण आज दिनांक तक कोई कार्यवाही नही हो पाई। ग्राम पंचायत चंद्रपुरा के अंतर्गत 40 किसानों के नाम से मेड बंधक हेतु राशि 7,28,000 रूपए स्वीकृत करवाई गई थी, लेकिन सहायक सचिव रामसिंह ने कृषकों के नाम से राशि स्वीकृत राशि न करते हुए स्वयं ने ही अन्य कृषकों के नाम से बने जॉब कार्ड के माध्यम से प्राप्त करते हुए राशि गबन कर दी। जिन किसानों के नाम से राशि स्वीकृत हुई है उन किसानों द्वारा मेड बंधक कार्य मौके पर नही कराया गया। इस संबंध में 16 अगस्त के दिन ग्राम सभा बैठक का आयोजन ग्राम पंचायत चंद्रपुरा में नवनिर्वाचित सरपंच एवं पंचगण की उपस्थिति में रखी गई और सहायक सचिव से किए गए कार्यो की जानकारी व हिसाब मांगा गया तो उसने जानकारी देने से मना कर दिया। साथ ही कहा कि जो भी कार्य किए गए है उक्त सभी कार्य ऑनलाईन हुए है। मेरे पास कोई हिसाब किताब नही है। ना ही इस संबंध में कोई रिकार्ड उपलब्ध है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि आवेदन पत्र स्वीकार कर ग्राम पंचायत चंद्रपुरा के वर्तमान सहायक सचिव द्वारा किए गए कृत्य की विधिवत जाँच करवाकर प्रति प्रार्थी के विरूद्ध अविलम्ब योग्य वैधानिक कार्यवाही की जाए। ज्ञापन के दौरान दिनेश नायक, रमेश नायक, राजाराम ठाकुर, महेश ठाकुर, गेंदालाल ठाकुर, शोभाराम, मनोहर, भुरालाल, राजेश सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।

